गीत - राखी

 सम्बन्धों की परिभाषा है,
रिश्तों का गुणगान है राखी ।
अखिल विश्व में समरसता की,
सर्वश्रेष्ठ पहिचान है राखी ।।
 
नीले पीले हरे बैंजनी,
तरह तरह के फूल खिलाए ।
भाई और बहन दौनों के,
जीवन की बगिया महकाए ।
इक दूजे के लिए परस्पर,
सर्वश्रेष्ठ सम्मान है राखी ।।
अखिल विश्व में समरसता की,
सर्वश्रेष्ठ पहिचान है राखी ।।
 
 
चिट्ठी पढ़कर अपने आँसू ,
रोक नहीं पाया था हुमायूँ ।
कर्णवती की रक्षा करने,
दौड़ा चला आया था हुमायूँ ।
प्रेम प्रीत विकसाने वाला,
सर्वश्रेष्ठ अभियान है राखी ।।
अखिल विश्व में समरसता की,
सर्वश्रेष्ठ पहिचान है राखी ।।
 
 
पारदर्शिता(अ)पारदर्शिता,
की परिभाषाएँ समझाए ।
माँ के बाद बहन के पावन-
रिश्ते से परिचय करवाए ।
जितना आवश्यक है उतना,
झीना सा परिधान है राखी ।।
अखिल विश्व में समरसता की,
सर्वश्रेष्ठ पहिचान है राखी ।।

No comments:

Post a Comment